सपा विधायक समेत कई अन्य अभियुक्तों पर गैंगरेप का आरोप लगाने वाली किशोरी को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। बचाव पक्ष की जिरह में किशोरी ने पुलिस को दिए बयानों से इंकार कर दिया। जिरह पूरी न होने पर कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए छह जून की तिथि नियत कर दी है। मामला कोतवाली नगर से जुड़ा है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की किशोरी 18 सितंबर 2013 को अपनी मां के साथ दवा लेने के लिए सुल्तानपुर आई थी। आरोप है कि आरोपियों ने किशोरी का अपहरण कर उससे गैंगरेप किया था। इसी मामले में सीजेएम कोर्ट में अर्जी देकर सपा के एक विधायक समेत कई अन्य पर शहर के एक होटल में ले जाकर किशोरी के साथ गैंगरेप करने का आरोप लगाया गया था।
मामले में आरोपी अंजुम खां, आशू उर्फ आशुतोष व गुड्डू लाला जेल में निरुद्घ हैं। उन्हें पुलिस ने शुक्रवार को जेल से लाकर कोर्ट में पेश किया। हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के साथ पीड़ित किशोरी को स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट अजय कुमार दीक्षित की अदालत में पेश किया।
बचाव पक्ष के अधिवक्ता अरविंद सिंह राजा ने बताया कि किशोरी ने जिरह में पुलिस को दिए गए बयान से इंकार कर दिया है। न्यायाधीश ने जिरह पूरी नहीं होने पर अगली सुनवाई के लिए छह जून की तिथि नियत कर दी है।