घर के बाहर लेटे स्कूल प्रबंधक की हत्या कर शव रेल ट्रैक पर फेंक दिया गया। घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर महारानी पश्चिम रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर लाश मिली। रविवार की सुबह ग्रामीणों की सूचना के बाद पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में ले लिया। पिता ने परिवार के ही एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है।
चांदा कोतवाली क्षेत्र के कोथरा गांव निवासी डॉ. सुनील यादव (35) पुत्र बाबूलाल मॉर्डन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक थे। शनिवार की रात भोजन करने के बाद सुनील घर के बाहर बरामदे में रखी चारपाई पर सो गए। सुबह चार बजे परिवारीजन सोकर उठे तो सुनील चारपाई पर नहीं मिले। परिवारीजन उनकी तलाश कर ही रहे थे कि मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ लोगों को महारानी पश्चिम रेलवे स्टेशन के पूर्वी गेट के पास रेलवे ट्रैक के बीचो-बीच सुनील का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सुनील के पीठ पर चाकू से गोदने के निशान थे, जबकि अंदरूनी हिस्से पर भी जख्म थे। शव रेलवे ट्रैक के बीचो-बीच पाया गया था, लिहाजा जीआरपी घटना स्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतक सुनील के पिता बाबूलाल ने अपने परिवारीजन पर ही हत्या का आरोप लगाया है। बाबूलाल के मुताबिक आरोपी ने उनके बेटे से तीन लाख 40 हजार रुपये उधार लिया था। उसके एवज में गांव की चार बिस्वा जमीन उन्हें देने को कहा था।
काफी समय बीत जाने के बावजूद आरोपी ने उनका पैसा वापस नहीं किया था। रविवार की शाम को पंचायत बुलाई गई थी लेकिन इससे पहले ही उनके बेटे की हत्या कर दी गई। इस बाबत चांदा कोतवाल आरपी ओझा ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली थी। चूंकि घटना स्थल जीआरपी का है, लिहाजा केस वहीं दर्ज किया जाएगा।