अमेठी। दो दिवसीय दौरे पर 19 फरवरी को अमेठी पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करने और काला झंडा दिखाने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मंगलवार को कांग्रेस ने राजस्थान के भाजपा विधायक कैलाश चौधरी सहित पांच भाजपाइयों पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला करने का केस दर्ज कराया है। इस मामले में भाजयुमो नेताओं की तहरीर पर पहले ही कांग्रेसियों के खिलाफ केस दर्ज किया जा चुका है।
कांग्रेस नेता रवि शुक्ल निवासी छिवरहा मजरे नरवहनपुर थाना पीपरपुर ने अमेठी कोतवाली में तहरीर देकर कहा है कि राहुल गांधी 19 फरवरी को शहर स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कांग्रेस ग्राम पंचायत अध्यक्षों की बैठक में शामिल होने आ रहे थे। राहुल गांधी का स्वागत करने के लिए वे नगर में मौजूद थे। शाम को जैसे ही राहुल गांधी का काफिला अंबेडकर तिराहा पर पहुंचा, भाजयुमो नेता सुधांशु शुक्ल, विषुव मिश्र, विष्णु सिंह व ज्ञानेंद्र भार्गव ने लाठी-डंडों से लैस होकर मुर्दाबाद का नारा लगाते हुए राहुल गांधी पर हमला कर दिया। वहां मौजूद कांग्रेस नेता शेषनाथ सिंह चुन्नू, रवि सिंह, सर्वेश सिंह आदि ने बीच-बचाव किया। इस दौरान सुधांशु शुक्ल जोर-जोर से चिल्लाते हुए कह रहे थे कि राजस्थान के भाजपा नेता कैलाश चौधरी जी की मंशा पूरी करनी है।
हम सभी को उनके आदेशों को पूरा करना है। तहरीर में यह भी कहा है कि घटना को कैलाश चौधरी की साजिश के तहत अंजाम दिया गया। कैलाश चौधरी ने ही 18 फरवरी को राहुल गांधी को गोली मार देनी चाहिए, जैसा बयान दिया था। कोतवाली पुलिस ने भाजपा विधायक पर हमले की साजिश रचने व अन्य चार नेताओं पर जानलेवा हमला सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई : एसपी
एसपी हीरालाल ने कहा कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक एसके मिश्र को निष्पक्ष विवेचना करने का निर्देश देते हुए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया है।