धान के खेत में अजगर ने एक वनरोज के बच्चे को निगल लिया। ग्रामीणों ने किसी तरह उसे अजगर से छुड़ाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने अजगर को पकड़कर वन विभाग को सौंप दिया।
कोतवाली देहात क्षेत्र के बरूई टोडरपुर गांव में धान के खेत मे बृहस्पतिवार की सुबह नौ बजे अजगर एक वनरोज के बच्चे को पकड़कर निगल रहा था। वनरोज की चीख सुनकर खेत के आस-पास मौजूद लोग वहां पहुंच गए।
इस बीच पड़ोस के गांव अभियाखुर्द निवासी अजय पांडेय, देवव्रत व सिद्धार्थ भी वहां पहुंच गए। लोगों ने किसी तरह अजगर के चंगुल से वनरोज के बच्चे को छुड़ाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना के बाद पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों ने अजगर को बोरे में कैद कर उसे गोमती किनारे जंगल में छोड़ दिया।