एएच इंटर कॉलेज के प्राचार्य की बाइक सवार नकाबपोश तीन युवकों ने बुधवार की सुबह हॉकी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना के पीछे रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
सुल्तानपुर जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत सिविल लाइन निवासी डॉ. शोभनाथ शुक्ला पुत्र बेंचू प्रसाद शुक्ला अमेठी जिले के जगदीशपुर में स्थित एएच इंटर कॉलेज में प्राचार्य के पद पर तैनात हैं। बुधवार की सुबह वे बस से जगदीशपुर पहुंचे। बस से उतरने के बाद वे पैदल ही कॉलेज आ रहे थे। वे कॉलेज के पास पहुंचे ही थे कि एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवकों ने उन्हें रोक लिया।
डॉ. शोभनाथ शुक्ला जब तक कुछ समझते नकाबपोश युवकों ने हॉकी-डंडे से उनकी पिटाई शुरू कर दी। प्राचार्य की चीख-पुकार पर कॉलेज से शिक्षक व छात्र दौड़े तो हमलावर बाइक से फरार हो गए। पिटाई से घायल प्राचार्य को शिक्षकों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
रंजिश की आशंका: एसओ
इस बाबत एसओ जगदीशपुर शिवमुनि सिंह यादव ने बताया कि प्राचार्य की तहरीर पर तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। उन्होंने बताया कि डॉ. शोभनाथ शुक्ला को आयोग से नियुक्ति मिली थी। प्राचार्य ने घटना के पीछे स्टाफ के कुछ लोगों के हाथ से इंकार नहीं किया है। इसके अलावा दो-तीन दिन पहले प्राचार्य ने कुछ शरारती छात्रों को डांटा-फटकारा ऱ। आशंका इस बात की भी है कि उसी रंजिश में हमला हुआ हो।