अमेठी थाना क्षेत्र के दरखा गांव में रविवार सुबह भोजन पकाने के दौरान प्रेशर कुकर फटने से एक विवाहिता गंभीर रूप से झुलस गई। परिवारीजन गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता को एंबुलेंस की मदद से तत्काल संयुक्त जिला चिकित्सालय ले गए, जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
दरखा गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार तिवारी की पत्नी शैल कुमारी (43) मंगलवार सुबह रसोई में भोजन पका रही थी। इसी दौरान गैस पर चढ़ाया गया प्रेशर कुकर तेज आवाज के साथ अचानक फट गया। प्रेशर कुकर की चपेट में आने से शैल कुमारी गंभीर रूप से झुलस गईं।
प्रेशर कुकर फटने व शैल कुमारी की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने एंबुलेंस की मदद से उसे तत्काल असैदापुर गौरीगंज स्थित संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने शैल कुमारी की हालत गंभीर देख उसे प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में शैल की हालत गंभीर बताई जा रही है।