गनपत सहाय डिग्री कॉलेज का करीब 14 लाख रुपये बिजली का बिल न चुकाने पर पावर कॉर्पोरेशन ने कनेक्शन काट दिया था। इससे नाराज भाजपा नेता के पुत्र ने साथियों के साथ शनिवार को दरियापुर वितरण खंड में एक्सईएन को बंधक बना लिया।
भाजपा नेता के पुत्र ने तत्काल कॉलेज की बिजली जोड़ने का दबाव बनाते हुए एक्सईएन के साथ ही अन्य कर्मचारियों को धमकी दी। सूचना के बाद जब तक पुलिस पहुंचती आरोपी फरार हो चुके थे। कार्यालय के सहायक ने भाजपा नेता के पुत्र समेत आठ लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के विनोबापुरी निवासी भाजपा नेता व सांसद वरुण गांधी के इसौली विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधि ओम प्रकाश पांडेय उर्फ बजरंगी का गनपत सहाय डिग्री कॉलेज पयागीपुर में है। सीताकुंड के पास गनपत सहाय कॉलेज की महिला शाखा है।
विद्युत वितरण खंड के मुताबिक दोनों कॉलेजों का वर्ष 2013 से अब तक 13 लाख 73 हजार 22 रुपये बकाया है। विद्युत वितरण ने जब वसूली के लिए सख्ती बरती तो भाजपा नेता के पुत्र आशीष पांडेय ने बीते 25 जून 2016 को विद्युत वितरण के नाम एचडीएफसी बैंक का सात लाख रुपये का चेक दिया था।
विद्युत वितरण खंड ने जब चेक को बैंक में भुगतान के लिए लगाया तो वह बाउंस हो गया। इसकी जानकारी जब एक्सईएन राजीव वर्मा को हुई तो उन्होंने दोनों कॉलेजों की बिजली सप्लाई काटने का निर्देश दिया था।
जुलाई में गनपत सहाय डिग्री कॉलेज और महिला शाखा की विद्युत सप्लाई काट दी गई थी। शनिवार दोपहर बाद भाजपा नेता ओम प्रकाश पांडेय उर्फ बजरंगी का बेटा आशीष पांडेय, संजय तिवारी अन्य छह लोगों के साथ दरियापुर वितरण खंड कार्यालय पहुंच गए।
कार्यालय में एक्सईएन नहीं थे। इस बीच भाजपा नेता का बेटा कॉलेज की काटी गई सप्लाई जोड़ने के लिए कर्मचारियों पर दबाव बनाने लगा। इस दौरान एक्सईएन राजीव वर्मा भी कार्यालय पहुंच गए। भाजपा नेता के बेटे ने साथियों के साथ एक्सईएन को कार्यालय में ही बंधक बना लिया।
किसी को भी कार्यालय से न तो अंदर आने दिया गया और न ही बाहर जाने दिया गया। एक्सईएन बार-बार भाजपा नेता के बेटे से बकाया धनराशि जमा करने की बात कहते रहे लेकिन उसने एक न सुनी। कार्यालय के बाहर मौजूद एक कर्मचारी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी।
सूचना पाते ही शाहगंज पुलिस चौकी इंचार्ज एसपी सिंह, एसआई राघवेंद्र प्रताप सिंह, शास्त्रीनगर चौकी इंचार्ज सैफुल्ला अहमद पुलिस टीम के साथ पहुंच गए लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
चेक बाउंस होने पर काटा गया कनेक्शन
एक्सईएन राजीव वर्मा ने बताया कि भाजपा नेता के बेटे ने जबरदस्ती की है। कॉलेज का 13 लाख रुपये से ज्यादा का बकाया है, जिसे आज तक जमा नहीं किया गया। भाजपा नेता के बेटे की ओर से दिया गया चेक भी बाउंस हो गया है। मामले की तहरीर दी गई है।
एक्सईएन से बात हुई, कहीं कोई झंझट नहीं
सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश पांडेय बजरंगी ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। एक्सईएन से बात हो गई है। बिल देने पर कॉलेज की ओर से पूूरा भुगतान करा दिया जाएगा। कहीं कोई झंझट नहीं हुआ है।