पूरे लखई मजरे कौहार में मवेशी चराने के विवाद में एक परिवार ने मां-बेटी को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। पुलिस ने घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए मां की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूरे लखई गांव निवासी कलावती की पुत्री सविता (13) शुक्रवार को मवेशी लेकर खेतों की तरफ गई थी।
कलावती के मवेशी गांव निवासी कैलाशनाथ दुबे के खेत में चले गए। इसी बात को लेकर कैलाशनाथ दुबे परिवार के तीन अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडों से सविता की पिटाई शुरू कर दी। चीख पुकार पर कलावती बचाने पहुुुंची तो उन लोगों ने उसे भी दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
मां-बेटी की चीख-पुकार पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामले की सूचना प्रभारी निरीक्षक भरतराज सिंह को दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ने घायलों को इलाज व चिकित्सीय परीक्षण के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय भेजा। कलावती की तहरीर पर पुलिस ने कैलाशनाथ दुबे सहित चार लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।