सुल्तानपुर। प्राइवेट बैंक से हाउसिंग लोन दिलाने के नाम पर युवक से दो लाख रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जब केस नहीं दर्ज किया तो न्यायालय के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के सेमरी बाजार से जुड़ा है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के हरिहरपुर निवासी संजय कुमार सिंह पुत्र राम किशोर सिंह से अखिलेश पांडेय निवासी बाहरपुर थाना महरुआ जिला अंबेडकरनगर ने वर्ष 2013 में एचडीएफसी बैंक से 10 लाख रुपये हाउसिंग लोन दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये सिक्योरिटी मनी के रूप में लिया था। संजय सिंह की मानें तो अखिलेश पांडेय खुद को एचडीएफसी बैंक का मैनेजर बताता था। अखिलेश के झांसे में आने के बाद क्षेत्र के कई अन्य लोगों ने भी उससे हाउंसिंग लोन के नाम पर लाखों रुपये सिक्योरिटी मनी दी थी।
लगातार दो वर्ष तक जब संजय को लोन नहीं मिला तो उसने अखिलेश से अपना दो लाख रुपये मांगना शुरू कर दिया। संजय के तगादा करने के बाद अखिलेश पांडेय ने अपना मोबाइल नंबर स्वीच ऑफ कर लिया। पीड़ित संजय कुमार सिंह ने आरोपी के खिलाफ जयसिंहपुर कोतवाली में तहरीर दिया लेकिन पुलिस ने केस नहीं दर्ज किया। पुलिस के उच्चाधिकारियों ने भी जब पीड़ित की मदद नहीं की तो थक-हारकर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली।
बीते दो मई को कोर्ट ने आरोपी अखिलेश पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने का आदेश जयसिंहपुर कोतवाल को दिया था। माह भर कोर्ट के आदेश के बावजूद टाल मटोल करने के बाद पुलिस ने बीते तीन जून को जयसिंहपुर कोतवाली में आरोपी अखिलेश पांडेय के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना सेमरी चौकी इंचार्ज को सौंपी गई है।