बेटे की शादी तय होने के बाद जेवरात खरीदकर दिल्ली से घर लौट रहा पिता ट्रेन में जहरखुरानी का शिकार हो गया। दो दिनों तक उचित उपचार न मिलने से रविवार की सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कपूरीपुर गांव निवासी श्रीराम दिल्ली में काम करते थे। दीपावली में बेटे प्रवीण की शादी तय हुई थी। शादी की तैयारी के लिए श्रीराम दिल्ली से 50 हजार रुपये के जेवरात खरीदकर घर लौट रहा था।
बीते शुक्रवार को श्रीराम दिल्ली से ट्रेन पर बैठकर घर आ रहा था। रास्ते में उसे जहरखुरानों ने शिकार बना लिया। श्रीराम को शिकार बनाने के बाद जहरखुरान उसके पास रखे 50 हजार रुपये कीमत के जेवरात और 35 सौ रुपये नकद लूट लिया। बेहोशी की हालत में श्रीराम जगदीशपुर रेलवे स्टेशन पर न उतर सका और सुल्तानपुर पहुंच गया। वहां किसी ने श्रीराम के पास मिले मोबाइल नंबर से परिवारीजनों को सूचित किया।
शनिवार की देर शाम सुल्तानपुर जाकर परिवारीजन श्रीराम को लेकर घर पहुंचे। रविवार की सुबह श्रीराम की हालत ज्यादा बिगड़ने पर परिवारीजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।