जयसिंहपुर/ सेमरी बाजार (सुल्तानपुर)। चांदपुर गांव में रविवार की दोपहर घर के बाहर खेल रहे बच्चों पर एक पागल कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने चार बच्चों को काट लिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने कुत्ते को पीट-पीटकर मार डाला। गंभीर हालत में बच्चों को स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने एक बच्चे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के चांदपुर गांव में रविवार की दोपहर कई बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। तभी एक पागल कुत्ता वहां पहुंचा और बंटी (4) पुत्र नंदलाल, श्याम (15) पुत्र राम कलप, राजन (11) पुत्र राम बहोर व साधना (14) पर हमला कर घायल कर दिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने लाठी-डंडा लेकर कुत्ते को घेर लिया। ग्रामीणों ने पागल कुत्ते को पीट-पीटकर मार डाला। गंभीर हालत में चारों बच्चों को परिवारीजन लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने बंटी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।