एसपी ने दिया व्यापारियों को आश्वासन
- फोटो : अमर उजाला
ईंट-भट्ठा व्यापारी से रंगदारी मांगने के विरोध में बंद टाउन एरिया की दुकानें रविवार को दोपहर बाद तक बंद रही। एसपी ने व्यापारियों को सुरक्षा देने के साथ ही बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद व्यापारियों ने दुकानें खोली। पीड़ित व्यापारी से रविवार को कई व्यापारी नेता भी मुलाकात करने पहुंचे और उसे हर संभव मदद का भरोसा दिया।
चांदा कोतवाली क्षेत्र के टाउन एरिया कोइरीपुर निवासी शशि बरनवाल का पूनी भीमपट्टी गांव में ईंट-भट्ठा है। बीते बृहस्पतिवार को बदमाशों ने उन्हें फोन करके पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। व्यवसायी ने रंगदारी का विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। शुक्रवार को पुलिस ने व्यवसायी की तहरीर पर हिस्ट्रीशीटर अपराधी मुलायम यादव निवासी दियावां थाना आसपुर देवसरा जिला प्रतापगढ़ के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था।
शनिवार को एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने पूनी भीमपट्टी स्थित उसके ईंट-भट्ठे पर पहुंचकर मुंशी राजदेव यादव पर फायरिंग की थी। एसपी ने पीड़ित व्यवसायी को गनर देने के साथ ही उसके भट्ठे पर पीएसी तैनात कर दी है।
तीन दिन बाद भी हिस्ट्रीशीटर पुलिस की पकड़ से दूर
चांदा। ईंट-भट्ठा व्यवसायी शशि बरनवाल से रंगदारी मांगने वाला हिस्ट्रीशीटर अपराधी मुलायम यादव को पुलिस तीन दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस की मानें तो अपराधी को गिरफ्तार करने के लिए प्रतापगढ़, जौनपुर, अंबेडकरनगर में कई स्थानों पर लगातार छापा मारा जा रहा है।