दवा कराकर घर लौट रहे बाइक सवार दंपती से नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के जोर पर जेवरात और नकदी लूट ली। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी की, लेकिन लुटेरों का पता नहीं चला। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
जामों थाना क्षेत्र के गोगमऊ गांव निवासी इश्तिखार अपनी पत्नी तरन्नुम निशा की दवा कराने बाइक से सुल्तानपुर गए थे। दवा कराकर दंपती शनिवार की दोपहर घर लौट रहे थे। रास्ते में मुसाफिरखाना-जामों मार्ग पर स्थित पूरे नकटी गांव के पास पीछे से पहुंचे एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने इश्तिखार की बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया।
जब तक दंपती संभलते लुटेरों में एक ने तमंचा निकाल कर तरन्नुम निशा की कनपटी पर सटा कर सोने की चेन, पति पत्नी दोनों के मोबाइल और पर्स लूट कर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी मार्गों की नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। एसआई शिवजनम ने बताया कि दो अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।