हलियापुर थाना क्षेत्र के घोलिया मजरे डेहरियावां गांव के एक मकान में बृहस्पतिवार की रात अज्ञात कारणों से लगी आग की चपेट में आकर बालिका की झुलस कर मौत हो गई। बल्दीराय थाना क्षेत्र के समरखपुर गांव निवासी राम तीरथ की पुत्री पिंकी (12) अपनी बहन के घर हलियापुर थाने के घोलिया मजरे डेहरियावां गांव में रह कर पढ़ाई करती थी।
वह कक्षा छह की छात्रा थी। बृहस्पतिवार की रात उसकी बहन के कच्चे मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद जब तक आग को काबू किया किशोरी की झुलसकर मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची हलियापुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष राजीव यादव ने घटना की पुष्टि की है।