लंभुआ क्षेत्र के अंतपुर गांव की दलित बस्ती में रविवार को आग लगने से पांच घर जल गए। आग लगने से हजारों रुपये कीमत के सामान जलकर खाक हो गए। ग्रामीणों की मदद से फायर कर्मियों ने आग पर काबू किया।
रविवार को दोपहर बाद करीब चार बजे अंतपुर गांव की दलित बस्ती में झुरहा के घर में अचानक आग लग गई। छप्पर के मकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आसपास के घर भी आ गये। ग्रामीणों के अथक प्रयास के बाद भी आग बुझाने पर काबू नहीं पाया सका।
आग की लपटों ने कल्लू, राममिलन, सुनील व रघुराज के छप्पर के मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग से लोगों के गृहस्थी के सामान जलकर खाक हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। उपजिलाधिकारी दिनेश कुमार गुप्त ने बताया कि पीड़ितों को जल्द ही सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।