सुल्तानपुर। शहर के अन्नू चौराहे के पास ऑफिस में बैठे बिल्डर पर बाइक सवार तीन युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमले में बिल्डर व उसका भाई बाल-बाल बच गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के खैराबाद निवासी सूफी (30) पुत्र स्व. अब्दुल मजीद उर्फ बन्ने भाई बिल्डर्स का काम करते हैं। सूफी की शहर के अन्नू चौराहे के पास ऑफिस है। मंगलवार की दोपहर बाद करीब तीन बजे सूफी ऑफिस पर बैठे थे तभी बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
गोली सूफी के चेयर में लगी और दूसरी गोली दीवार में धंस गई। हमले में सूफी बाल-बाल बच गए। गोली चलने से चौराहे पर भगदड़ मच गई। इस दौरान हमलावर बाइक से फरार हो गए। पीड़ित की सूचना पाते ही नगर कोतवाल वीपी सिंह पुलिस टीम के साथ वहां पहुंच गए। पुलिस ने पीड़ित व्यवसायी की तहरीर पर तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।