अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक चिकित्सक समेत दो लोगों की मौत हो गई। चिकित्सक की कार जहां पेड़ से टकरा गई वहीं स्कूटी सवार युवक को ट्रक ने रौंद दिया। पुलिस ने घटना स्थल से चिकित्सक की कार और ट्रक को कब्जे में लिया है।
लखनऊ जिले के आलमबाग थाना क्षेत्र के आजाद नगर के 551/ 108 निवासी चिकित्सक डॉ. सतीश यादव (38) पुत्र दूधनाथ यादव अंबेडकर नगर जिले के आलापुर रामनगर सीएचसी पर तैनात थे। मंगलवार की देर शाम डॉ. सतीश यादव अपनी कार से अकेले ही अंबेडकर नगर के लिए ड्यूटी पर निकले थे। वे गोसाईगंज थाना क्षेत्र के इनायतपुर गांव के समीप पहुंचे थे कि मोड़ पर उनकी कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई।
राहगीरों ने इसकी सूचना थानाध्यक्ष अमरनाथ विश्वकर्मा को दिया। सूचना पाते ही दुर्घटना स्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने अपनी जीप से चिकित्सक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार कार चालक ने सीट बेल्ट नहीं लगाया था। दूसरी दुर्घटना कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के कामतागंज बाजार के समीप हुई। बुधवार की दोपहर स्कूटी सवार विकास द्विवेदी (28) पुत्र रमेश चंद्र निवासी दूल्हापुर बगिया महादेवा कोतवाली लंभुआ को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया।
दुर्घटना में विकास की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। दुर्घटना के वक्त बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था।