कोतवाली क्षेत्र के बरवारीपुर गांव में हथियारबंद पांच बदमाशों ने एक घर में डाका डाल दिया। दरवाजा तोड़कर घर में घुसे बदमाशों ने तमंचे के जोर पर परिवारीजनों को बंधक बनाकर नकदी जेवर समेत करीब ढाई लाख लूट लिए। घर के एक युवक ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को भागते समय दबोच लिया जबकि अन्य भाग निकले। ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाश को पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती करवाकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
बरवारीपुर गांव निवासी रणधीर सिंह दुबई में रहते हैं। घर पर उनकी पत्नी पूनम सिंह अपने बेटे-बेटी के साथ रहती हैं। रोज की तरह बृहस्पतिवार की रात परिवार के लोग खाना खाकर सो गए। रात करीब एक बजे पांच बदमाश उनका मेन गेट तोड़कर घर में घुस गए। बदमाशों ने तमंचे के जोर पर पूनम व बेटे अभिषेक को बंधक बना लिया। बदमाशों ने दोनों की पिटाई शुरू कर दी। बेटे को जान से मारने की धमकी देने पर पूनम ने अपना सारा जेवर व एक लाख रुपये की नकदी बदमाशों के हवाले कर दी। इस दौरान बदमाश निकलने वाले थे कि अचानक अभिषेक एक बदमाश से भिड़ गया। दोनों में मारपीट होने लगी।
मारपीट के दौरान अभिषेक ने उसके सिर पर किसी वजनदार चीज से प्रहार कर दिया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। अन्य बदमाश उस पर झपटते तब तक अभिषेक ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर जब तक अन्य लोग मौके पर पहुंचते नकदी व जेवर लेकर अन्य बदमाश फरार हो गए। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बदमाश को घायल अवस्था में सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसकी नाजुक हालत देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पकड़े गए युवक की शिनाख्त मिश्रीलाल (40) निवासी अहिरौला जिला आजमगढ़ के रूप में हुई है।