कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चकबहेर गांव के पास सोमवार देर रात हैदरगढ़ ड्यूटी पर जा रहे स्कूटी सवार सिपाही को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने उसका शव सड़क के किनारे पड़ा देखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है।
सुल्तानपुर के गोसाईगंज थाने के सिरवारा गांव का फहीम हाशमी (38) पुत्र स्व. नईम हाशमी बाराबंकी के हैदरगढ़ कोतवाली में बतौर सिपाही तैनात था। सोमवार की रात वह स्कूटी से हैदरगढ़ जाने के लिए निकला था। रास्ते में मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चकबहेर गांव के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दिया। टक्कर से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने चकबहेर गांव के पास सड़क के किनारे दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी व खून से लथपथ शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी मुसाफिरखाना कोतवाली पुलिस को दी। मृतक की जेब से मिले आईकार्ड से उसकी पहचान फहीम के रूप में की गई। स्थानीय पुलिस ने घटना की जानकारी हैदरगढ़ कोतवाली पुलिस को दी। वहां से मृतक के परिवारीजनों को हादसे के बारे में बताया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।