युवक के अपहरण की घटना को तीन दिन बीत गए लेकिन पुलिस अभी तक उसे बरामद नहीं कर सकी है। सोमवार की सुबह युवक की बाइक लावारिस हालत में रेलवे स्टेशन के स्टैंड पर खड़ी मिली। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी युवक की बरामदगी नहीं होने से परिवारीजन परेशान हैं। सोमवार को व्यापारी नेता रवींद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में परिवारीजनों ने कोतवाल से मिलकर 24 घंटे में प्रकरण के खुलासे की मांग की। खुलासा न होने पर व्यापारी नेता ने आंदोलन का अल्टीमेटम दिया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के करौंदिया निवासी अतीक शेख कुड़वार नाका के पास कॉपी-किताब की दुकान करते हैं। बीते शुक्रवार को अतीक शेख का छोटा बेटा कासिफ (30) अचानक घर से लापता हो गया था। पुलिस ने कासिफ के भाई मंसूर की तहरीर पर फहीम, गुड्डूू, सुभान व अंजनी शुक्ला उर्फ सोनू के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर गुड्डू और सोनू को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस की पूछताछ में गुड्डूू व सोनू ने कासिफ के अपहरण की बात कुबूल की थी। तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अपहृत कासिफ की तलाश नहीं कर सकी है। सोमवार को उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रवींद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में व्यापारियों ने नगर कोतवाल वीपी सिंह से मुलाकात की। कोतवाल ने घटना के खुलासे के लिए 24 घंटे का वक्त मांगा। व्यापारियों ने नगर कोतवाल की बात मान ली।
व्यापारी नेता ने 24 घंटे के भीतर कासिफ की बरामदगी नहीं होने पर बड़े आंदोलन का अल्टीमेटम दिया है। उधर, कासिफ की बाइक लावारिस हालत में रेलवे स्टेशन के स्टैंड पर खड़ी मिली। इस बाबत नगर कोतवाल वीपी सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।