सूरापुर (सुल्तानपुर)। सूरापुर बाजार में रविवार की सुबह इलेक्ट्रिक वेल्डिंग व्यवसायी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है। व्यवसायी की हत्या से परिवार में कोहराम मचा है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के टीपी नगरा निवासी चंद्र प्रकाश (30) पुत्र राजाराम सूरापुर बाजार में इलेक्ट्रिक वेल्डिंग की दुकान करता था। शनिवार की देर रात चंद्र प्रकाश घर नहीं पहुंचा। इसे लेकर परिवार वाले चितिंत थे। रविवार की भोर में दुकान से चंद कदम की दूरी पर सड़क किनारे चंद्रप्रकाश का लहूलुहान शव पड़ा मिला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक चंद्रप्रकाश के सिर पर गहरे चोट के निशान हैं। व्यवसायी की हत्या से सूरापुर बाजार में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बाजार के व्यवसायी घटना स्थल पर पहुंच गए। प्रभारी कोतवाल आरपी यादव ने बताया कि परिवारीजनों ने चंद्रप्रकाश की हत्या किए जाने की बात कही है। पुलिस संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का सही पता चलेगा।