कोतवाली क्षेत्र के मनियारी गांव में एक लोहा व्यापारी पर रविवार की शाम उसकी दुकान के सामने दो अज्ञात लोगों ने बम से हमला कर दिया। घटना में व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। घायल व्यापारी को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस केस दर्ज कर वारदात की छानबीन में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के मनियारी स्थित शादिया आयरन स्टोर पर रविवार की शाम दो अज्ञात युवक पहुंचे। दुकान मालिक रियाज (38) निवासी पूरे भुलई सरैयाबिसेन थाना कुड़वार को बुलाकर युवकों ने बातचीत की। रियाज को दोनों युवक बातचीत करते हुए दुकान से कुछ दूर लेकर चले गए। वापस लौटते समय रियाज की पीठ पर एक युवक ने देसी बम से हमला कर दिया। बम की आवाज सुनकर जब तक लोग मौके पर पहुंचते हमलावर फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई है। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह ने रियाज का बयान दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घायलावस्था में रियाज को स्वास्थ्य केंद्र से लखनऊ रेफर कर दिया गया है।