हाईकोर्ट की सख्ती के बाद सोमवार को ढेमा गांव पहुंचे प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारियों ने छात्रा का शव कब्र खोदकर बाहर निकाला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। छह माह पूर्व रंजिश में पिटाई से छात्रा की मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नही की थी। कोर्ट की सख्त रुख अख्तियार करने के बाद पुलिस ने मृत छात्रा की मां की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के ढेमा गांव निवासी गीतांजलि वर्मा (16) पुत्री राम अभिलाष वर्मा क्षेत्र के रानी महेंद्र कुमारी बल्लभ भाई इंटर कॉलेज दियरा में कक्षा दस की छात्रा थी। रंजिश में बीते 29 अक्तूबर को पड़ोसी चंद्रभान मिश्र व उनके परिवारीजनों ने गीतांजलि की पिटाई कर दी थी। छात्रा को सीएचसी मोतिगरपुर में भर्ती कराया गया था। पीड़िता की मां विद्यावती वर्मा ने घटना की तहरीर थाने में दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। विद्यावती ने डीएम से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन वहां से भी निराश होना पड़ा।
इस दौरान 16 मार्च को गीतांजलि की इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्रा की मौत के बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित परिवार ने छात्रा के शव को दफन कर हाईकोर्ट की शरण ली थी। हाईकोर्ट के न्यायमूति अजय लांबा व संजय हरिकौली की पीठ ने बीते शुक्रवार को प्रकरण की सुनवाई करते हुए डीएम व एसपी को तत्काल कार्रवाई करने का आदेश दिया था।
इसी आदेश के क्रम में सोमवार को एसडीएम जयसिंहपुर अमृतलाल बिंद व सीओ धर्मेंद्र सचान की मौजूदगी में पुलिस कर्मी ढेमा गांव पहुंचे। मजदूरों ने अधिकारियों के सामने कब्र से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। एसओ मोतिगरपुर देवेश सिंह ने बताया कि मृत छात्रा की मां विद्यावती की तहरीर पर प्रिंस, विमला, शैव्या, सलोनी, नीरज व गौरव के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसडीएम ने हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की पुष्टि की है।