फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा विधायक समर्थकों ने  डॉक्टर और सिपाही को पीटा

Mon, 28 Aug 2017 10:10 PM IST
Amarujala Bureau
विज्ञापन
दोनों पक्षों ने दी तहरीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सड़क दुर्घटना में घायल समर्थक को देखने जिला अस्पताल पहुंचे भाजपा विधायक की मौजूदगी में उनके समर्थकों ने चिकित्सक व फार्मासिस्ट की इमरजेंसी कक्ष में पिटाई कर दी। इतना ही नहीं चिकित्सक को बचा रहे एक सिपाही को भी वार्ड में पीटा। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने दो युवकों को मौके से ही पकड़ा लेकिन बाद में विधायक के दबाव में छोड़ दिया। उधर, पिटाई से आहत चिकित्सकों ने इमरजेंसी सेवा से लेकर ओपीडी ठप समेत कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। पुलिस ने चिकित्सक की तहरीर पर तीन अज्ञात के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है जबकि विधायक प्रतिनिधि ने सिपाही व अन्य के खिलाफ तहरीर दी है। 
विज्ञापन



लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के शिवगढ़ निवासी सर्वजीत सिंह भीम भाजपा विधायक देवमणि दुबे के चुनाव प्रभारी रह चुके हैं। सोमवार को सड़क दुर्घटना में सर्वजीत घायल हो गए थे। उन्हें दोपहर करीब 12 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया गया था। जिला अस्पताल के अकस्मिक कक्ष में मरीजों की भीड़ बहुत ज्यादा थी। इमरजेंसी कक्ष में डॉ. दीपक जायसवाल व फार्मासिस्ट परीक्षित की ड्यूटी थी। इस बीच सिपाही सत्येंद्र प्रताप सिंह और रजनीश सिंह हत्या के आरोपी पीयूष सोनी और विशाल को लेकर मेडिकल परीक्षण कराने पहुंचे थे। डॉ. दीपक आरोपी का मेडिकल परीक्षण कर ही रहे थे कि तभी सर्वजीत को लेकर कई लोग कक्ष में दाखिल हो गए। लोगों के साथ ही विधायक देवमणि दुबे भी थे। डॉ. दीपक ने सर्वजीत सिंह का प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डॉ. राजेश कुमार गौतम (सर्जन) को रेफर कर दिया।

इससे नाराज विधायक के साथ मौजूद लोगों ने डॉ. दीपक जायसवाल और फार्मासिस्ट परीक्षित को पीटना शुरू कर दिया। पास में ही खड़े सिपाही रजनीश चिकित्सक को बचाने लगा। इससे गुस्साए विधायक समर्थकों ने सिपाही रजनीश को भी पीटा जबकि दूसरा सिपाही बीच-बचाव करता रहा। पीड़ित सिपाही और चिकित्सक ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना के बाद पहुंचे नगर कोतवाल एससी मिश्रा, शाहगंज पुलिस चौकी इंचार्ज अजय प्रताप सिंह यादव ने हमले में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस किसी तरह हमले में शामिल दोनों युवकों को लेकर कोतवाली पहुंची।
विज्ञापन


उधर, चिकित्सक व फार्मासिस्ट की पिटाई से नाराज जिला अस्पताल के सभी चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी ओपीडी बंद कर इमरजेंसी सेवा का बहिष्कार कर हड़ताल पर चले गए।  मामले को जानकारी होते ही प्रभारी एसपी/ एएसपी सूर्यकांत त्रिपाठी कोतवाली आ गए और विधायक और चिकित्सक से प्रभारी एसपी ने पूछताछ शुरू की। इस बीच चिकित्सक डॉ. दीपक जायसवाल ने विधायक देवमणि दुबे की मौजूदगी में खुद व फार्मासिस्ट व सिपाही की पिटाई की बात कही तो वे भड़क गए। विधायक अपने समर्थकों के साथ कोतवाली से जाने लगे तो प्रभारी एसपी ने उनकी मान-मनौव्वल कर जाने से रोका। पुलिस ने डॉ. दीपक जायसवाल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मारपीट व तोड़फोड़ का मुकदमा दर्ज किया है जबकि विधायक प्रतिनिधि व भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिवाकांत मिश्रा की तहरीर पर विधायक देवमणि दुबे के साथ मारपीट व धक्का-मुक्की करने के मामले में सिपाही रजनीश सिंह व अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें