सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक अधेड़ जिला अस्पताल में भर्ती है। घुटने की प्लेट लगाने के नाम पर चिकित्सक मरीज से साढ़े चार हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। बेहद गरीब होने के कारण सीएमएस ने उसका निशुल्क इलाज का निर्देश दिया है, बावजूद इसके पीड़ित से रुपये की मांग की जा रही है। सोमवार को मरीज ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर इलाज कराए जाने की फरियाद की है।
अमेठी जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र के गौरिकपुर पंधौली निवासी ओम प्रकाश मिश्र पुत्र राम कृपाल मिश्र बीते दिनों दुर्घटना में घायल हो गया था। दुर्घटना में ओम प्रकाश मिश्र के पैर के घुटने की प्लेट खिसक गई। परिवारीजनों ने 18 मई 2017 को उसे जिला चिकित्सालय सुल्तानपुर में भर्ती कराया। जिला अस्पताल में तैनात हड्डी रोग विशेषज्ञ ने ओम प्रकाश के घुटने का ऑपरेशन करने की बात कहते हुए उसे आर्थो वार्ड में भर्ती कर लिया। ओम प्रकाश की मानें तो चिकित्सक ने उससे ऑपरेशन के नाम पर साढ़े चार हजार रुपये की मांग की।
पीड़ित ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान कुछ इंस्ट्रमेंट की जरूरत की बात कहते हुए उससे तार व प्लेट आदि के नाम पर साढ़े चार हजार रुपये की मांग की जा रही है। ओम प्रकाश की हालत को देखते हुए सीएमएस डॉ. जलालुद्दीन ने पर्चे पर ही इलाज निशुल्क लिख दिया। पीड़ित ओम प्रकाश ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर इलाज में होने वाले खर्च की व्यवस्था कराए जाने की मांग की है।