इलाहाबाद-फैजाबाद हाईवे पर रविवार दोपहर बाद सवारियों से भरी प्रयाग डिपो की रोडवेज बस एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में बस के चालक व परिचालक समेत 41 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पहुंचे सीआरपीएफ के जवानों ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। घायलों का प्रतापगढ में उपचार चल रहा है।
अमेठी और प्रतापगढ़ जिले के बार्डर पर स्थित त्रिसंडी गांव के पास रविवार की दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे इलाहाबाद से बहराइच जा रही रोडवेज की बस एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में बस का चालक प्रमोद तिवारी (35) निवासी लाला नगर थाना गोपीगंज जिला भदौही, परिचालक संग्राम (27) निवासी सम्मनपुर जिला अंबेडकर नगर, यात्री घनश्याम कुमार निवासी सराय गोपाल जिला इलाहाबाद, शिव कुमार, बनवारीलाल निवासी विशेसरगंज जिला बहराइच, सुरेंद्र बहादुर सिंह, लता सिंह निवासी भवानीपुर कोतवाली कादीपुर , प्रेमा (47) निवासी अयोध्या फैजाबाद, सुरैया अंसारी निवासी इलाहाबाद समेत 41 लोग घायल हो गए।
यात्रियों की चीख-पुकार के बाद राहगीरों ने इसकी सूचना घटना स्थल से थोड़ी दूरी पर स्थित सीआरपीएफ कैंप के जवानों को दी। सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट मिथिलेश पांडेय ने जवानों की मदद से घायलों को प्रतापगढ़ के कोहड़ौर सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 32 यात्रियों को जिला अस्पताल प्रतापगढ रेफर कर दिया।