फाल्ट ठीक करते समय चालू कर दी सप्लाई, लाइनमैन झुलसा
अमेठी। पीठीपुर उपकेंद्र का एक संविदा लाइनमैन हाईटेंशन लाइन ठीक करते समय करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। आरोप है कि शटडाउन लेकर लाइनमैन काम कर रहा था लेकिन एसएसओ ने सूचना दिएबिना आपूर्ति चालू कर दी जिससे यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे एंबुलेंसकर्मियों की मदद से लाइनमैन को सीएचसी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख उसे बड़े अस्पताल रेफर कर दिया।
संग्रामपुर क्षेत्र के गांव बहेलियापुर मजरे राजापुर अमेरुआ निवासी काशी प्रसाद वर्मा (27) पीठीपुर उपकेंद्र में संविदा पर लाइन मैन है। बुधवार देर शाम शीतला बक्श का पुरवा के ग्रामीणों ने हाईटेंशन लाइन टूटने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंचकर विद्युत कर्मियों ने तार अलग कर बृहस्पतिवार सुबह लाइन ठीक करने की बात कही थी। संविदा लाइनमैन काशी प्रसाद के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे शीतला बक्स का पुरवा की लाइन ठीक करने के लिए विद्युत उपकेंद्र पर तैनात संविदा एसएसओ सूर्यप्रकाश शर्मा को फोनकर शटडाउन लिया।
उसके बाद हाईटेंशन लाइन को ठीक करने के लिए वह पोल पर चढ़ गया। लाइन ठीक होने के बाद काशी प्रसाद दस बजे ट्रांसफार्मर पर चढ़कर मेन लाइन जोड़ रहा था, तभी विद्युत सप्लाई शुरू हो गई। इससे करंट की चपेट में आकर लाइनमैन काशी प्रसाद बुरी तरह झुलसकर नीचे आ गिरा। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मियों की मदद से लाइनमैन को गंभीर अवस्था में सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख बड़े अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर उपकेंद्र के जेई अतुल सोनी व अन्य उपकेंद्रों के लाइनमैन पहुंच गए।
जांच कर होगी कार्रवाई
उपकेंद्र के जेई अतुल सोनी ने बताया कि पीड़ित लाइनमैन के शटडाउन लेने के बाद अगर बिना सूचना के विद्युत सप्लाई चालू की गयी है तो जांच कर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।