दंपती के खिलाफ धोखाधडी का मुकदमा दर्ज
सुल्तानपुर। फर्जीवाड़ा करके पंजाब नेशनल बैंक की पयागीपुर शाखा से 15 लाख का ऋण लेने के मामले में पुलिस ने दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
कादीपुर कस्बा निवासी संतोष कुमार जायसवाल ने 28 मार्च 2017 को पंजाब नेशनल बैंक की पयागीपुर शाखा से 10 लाख का सीसी लोन लिया था। संतोष ने 17 फरवरी 2017 को पत्नी मीरा के नाम से इसी शाखा से पांच लाख का लोन प्राप्त किया था। बैंक में लोन लेने के लिए संतोष ने एक फर्म के पेपर लगाए थे। इसी फर्म के अभिलेेख संतोष ने आईडीबीआई बैंक शाखा बाधमंडी से ऋण लेने के लिए लगाए।
आरोप है कि संतोष ने दोनों बैंक शाखाओं से लोन लेने के लिए धोखाधड़ी करके अलग-अलग दो पैन का इस्तेमाल किया था। पीएनबी शाखा पयागीपुर की मैनेजर सौम्या पांडेय ने मामले की जानकारी होने पर केस दर्ज कराने के लिए कोतवाली नगर में तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। शाखा प्रबंधक ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पूनम सिंह को प्रार्थना पत्र देकर केस दर्ज कराने की मांग की। सचिव के निर्देश पर पुलिस ने संतोष जायसवाल व मीरा जायसवाल के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है।