रेप के बाद गला घोंट की गई थी मासूम की हत्या
सुल्तानपुर। शहर से सटे चका जंगल में गुरुवार देर शाम मासूम के साथ दरिंदगी के बाद गला घोंटकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दरिंदगी की पुष्टि व बच्ची की हत्या से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को गांव के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों की मांग थी कि जो भी हत्या में शामिल हो, उसे तत्काल गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की पांच वर्षीय बच्ची का शव गांव से सटे चका जंगल में पाया गया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। देर रात में ही बच्ची की शिनाख्त उसके परिवारीजनों ने की थी। पुलिस मासूम के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश में जुटी थी। शुक्रवार को बच्ची की हत्या से नाराज ग्रामीणों ने गांव के समीप सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
परिवारीजनों के साथ ही ग्रामीणों की मांग थी कि जो भी इस हत्याकांड में शामिल हो, उसे पुलिस तत्काल गिरफ्तार करे। नगर कोतवाल श्याम सुंदर पांडेय ने ग्रामीणों को समझा कर शांत कराया। नगर कोतवाल ने बताया कि घटना की तफ्तीश की जा रही है। एसपी अमित वर्मा ने बताया कि घटना के लिए खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। स्वाट टीम, क्राइम ब्रांच और कोतवाली नगर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
इनसेट
तीन चिकित्सकों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
शुक्रवार को जिला महिला अस्पताल की चिकित्सक डॉ. मानसी तोमर, जिला अस्पताल के डॉ. अमित व डॉ. नीतीश शर्मा के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मानें तो बच्ची की गला घोंटकर हत्या की गई थी। उसके साथ दरिंदगी भी की गई थी। बच्ची के अंदरूनी अंग की हड्डियां क्षतिग्रस्त हो गई थीं।
-------------------------------------------
बॉक्स
जिले में एक बार फिर हुई शर्मनाक वारदात
क्रासर
पूर्व में दो बच्चियों के साथ हुआ था रेप
एक बच्ची की हो गई थी मौत
एक बच्ची की आज तक नहीं हो सकी शिनाख्त
पुलिस ने एक आरोपी को किया था गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। दिल्ली में मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात पिछले कुछ सालों में तीसरी बार हुई है। इसके पहले कोतवाली नगर क्षेत्र के गोलाघाट के समीप सात जून 2017 की रात में मां के साथ सो रही तीन वर्षीय बच्ची को अगवा कर दुष्कर्म किया गया था। बच्ची को गोमती नदी के किनारे लावारिस हालत में लहूलुहान हालत में पाया गया था। पुलिस ने परिवारीजनों की तहरीर पर केस दर्ज किया था। अभी ये मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि 18 जून को गोलाघाट के समीप दीवानी मोड़ के पास से एक प्राइवेट बस के टूल बॉक्स में तीन वर्षीय बच्ची का शव पाया गया था। बच्ची की रेप के बाद गला घोंटकर हत्या की गई थी। बस में मिली बच्ची की आज तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। जिले की स्वॉट टीम ने दोनों बच्चियों के साथ रेप करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। स्वाट टीम की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जिस बच्ची का शव बस के टूल बॉक्स में मिला था, उसे रेलवे स्टेशन पर सो रही एक महिला की गोद से उठाया था। पुलिस ने बच्ची की शिनाख्त का बहुत प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। ये मामले जिलेवासियों के सीने में नासूर बनकर चुभ रहे थे कि बृहस्पतिवार को एक बार फिर पांच वर्षीय बच्ची की रेप के बाद हत्या कर दी गई।
इनसेट
कैसे करें बच्चियों की सुरक्षा
सुल्तानपुर। जिला महिला अस्पताल की चिकित्सक मानसी तोमर ने बताया कि बच्चियों पर हर वक्त नजर रखनी चाहिए। जो लोग फैमिली के बेहद क्लोज हो उन्हें ही ब च्ची से मिलने देना चाहिए। आस-पास रहने वाले लोगों से भी बच्ची से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। बच्ची को कोई भी डरा सकता है। इसलिए हर वक्त बच्ची से पुचकार कर बात करें और उन्हें विश्वास में रखें। बच्चों को गुड और बैड फील के बारे में बताते रहें।