अमेठी में धड़ल्ले से हुआ पॉलिथीन का इस्तेमाल
अमेठी। प्रदेश सरकार की ओर से प्रतिबंध के बावजूद रविवार को लोगों ने पॉलिथीन का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया। प्रचार-प्रसार के अभाव में सरकार के फरमान पर अमल होता नहीं दिखा।
प्रदेश में 50 माइक्रॉन से कम की पॉलिथीन का प्रयोग मुख्यमंत्री ने 15 जुलाई से बंद करने का आदेश दिया था। इस पर जिले में अमल होता नहीं दिखा। रविवार को बाजारों में पॉलिथीन एवं प्लास्टिक के गिलास का प्रयोग लोगों ने खुलेआम किया। दुकानदारों ने भी इस्तेमाल को लेकर बेझिझक नहीं दिखी। दुकानदारों का कहना था कि पहले से प्रचार-प्रसार हुआ होता तो दुकानों पर माल इकट्ठा नहीं रहते।
पॉलिथीन की बंदी के चलते नुकसान हो रहा है। ठेला, खोमचा, किराना, जनरल स्टोर, अनाज की दुकानों, होटल आदि पर पॉलिथीन का प्रयोग हमेशा की तरह रविवार को भी हुआ। स्थानीय प्रशासन की ओर से पॉलिथीन विक्रेताओं पर तीन दिन पूर्व छापेमारी की गई थी। बावजूद इसके कोई असर बाजार में नहीं दिखाई पड़ा। एसडीएम शैलेंद्र मिश्र ने बताया कि दो दिन पूर्व उन्होंने नगर में छापेमारी की थी।