तीसरे दिन दो प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन
गौरीगंज। लोकसभा निर्वाचन की नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन शुक्रवार को मौलिक अधिकार पार्टी के साथ एक निर्दलीय प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। अब तक कांग्रेस, भाजपा समेत पांच प्रत्याशी जहां आपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं वहीं जिला निर्वाचन कार्यालय से अब तक 14 सेट नामांकन पत्र लिए जा चुके हैं।
लोकसभा निर्वाचन की चुनावी अधिसूचना के पांचवें चरण मेें शामिल अमेठी लोकसभा क्षेत्र में बुधवार से नामांकन दाखिल किए जा रहे हैं। पहले दिन कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी, दूसरे दिन भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी तथा किसान मजदूर बेरोजगार संघ के प्रत्याशी गोपाल स्वरूप गांधी ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। तीसरे दिन मौलिक अधिकार पार्टी के प्रत्याशी प्रेम शंकर तथा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में रामसजीवन ने रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. राममनोहर मिश्र के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। तीन दिन में निर्वाचन कार्यालय से अलग-अलग प्रत्याशियों ने 14 नामांकन पत्र लिया है।
दो दिन नहीं दाखिल होगा नामांकन
लोकसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन शनिवार व रविवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। एआरओ/एसडीएम गौरीगंज अमित कुमार ने बताया कि आयोग का निर्देश है कि अवकाश के दिन नामांकन नहीं लिए जाएंगे। सोमवार को 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन पत्र लिए जाएंगे।