डीएम आवास के पास से अगवा छात्र मिला
सुल्तानपुर। जिलाधिकारी आवास के पास से एसयूवी सवार लोगों ने बुधवार को एक छात्र का अपहरण कर लिया। सूचना पर पुलिस ने केस दर्ज कर बृहस्पतिवार को छात्र को खोज लिया।
अंबेडकरनगर जिले के पमौली गांव निवासी सुरेंद्र सिंह का बेटा विवेक (16) सुल्तानपुर के मोतिगरपुर क्षेत्र के पूरे लाल शाह का पुरवा गांव में नेवासा पर रहता है। विवेक जयसिंहपुर क्षेत्र के सेमरी स्थित एक स्कूल में कक्षा 11 का छात्र है। बुधवार दोपहर बाद विवेक अपने रिश्तेदार के साथ बाइक से मुसाफिरखाना जाने के लिए निकला था। शहर में डीएम आवास के पास बाटी चोखा खाने के लिए रुकने के दौरान एक एसयूवी सवार लोगों ने विवेक को अगवा कर लिया।
उसके रिश्तेदार ने तत्काल सूचना कोतवाल बेनी माधव त्रिपाठी को दी। अपहरण की सूचना पर कोतवाल ने जिले की घेराबंदी की, लेकिन अपहरणकर्ताओं का कोई सुराग नहीं लगा। बृहस्पतिवार रात पुलिस टीम को अपहृत छात्र मिल गया। रात करीब नौ बजे कोतवाल ने बताया कि छात्र मिल गया। अपहरणकर्ताओं की तलाश की जा रही है।