सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगा दशहरा मेला
गौरीगंज। दशहरा मेला को सकुशल संपन्न कराने के लिए पांच मेला स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल मुस्तैद किया गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए चार स्पेशल टीमें भी तहसील स्तरीय थानों पर तैनात की गई हैं।
एएसपी बीसी दुबे ने बताया कि अमेठी, जायस, जगदीशपुर, मुसाफिरखाना व इन्हौना दशहरा के मद्देनजर संवेदनशील हैं। यहां के मेला स्थलों पर 60 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा पुलिस की चार स्पेशल टीमें चारों तहसील मुख्यालय के थानों पर मुस्तैद की गई हैं। प्रत्येक टीम में एक उपनिरीक्षक के साथ 15 सिपाही तैनात किए गए हैं।
बताया कि इन थानों को अतिरिक्त फोर्स के रूप में 100 सिपाही, 20 उपनिरीक्षक, तीन प्रभारी निरीक्षक व 25 दीवान के साथ पीएसी दी गई है। सभी सीओ को अपने सर्किल क्षेत्र के मेला स्थलों पर भ्रमणशील रहने का आदेश दिया गया है।