हेडमास्टर से बदमाश ने फोन पर मांगी रंगदारी
सुल्तानपुर। धनपतगंज क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय नादा के हेडमास्टर से उनके मोबाइल फोन पर कॉल कर 10 हजार रुपये रंगदारी की मांग की गई है। रंगदारी नहीं देने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इससे डरे हेडमास्टर ने स्कूल जाना छोड़ दिया। सोमवार को पुलिस ने एसडीएम के आदेश पर आरोपी बदमाश के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
प्रतापगढ़ जिले में कन्सा निवासी राकेश कुमार वर्मा धनपतगंज क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नादा में हेडमास्टर हैं। दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक छह मई को दोपहर बाद करीब दो बजे राकेश के मोबाइल फोन पर लल्लन यादव निवासी नादा थाना ब्ल्दीराय ने फोन कर दस हजार रुपये की रंगदारी मांगी। हेडमास्टर ने रुपये देने से इन्कार किया तो उन्हें आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। इससे भयभीत राकेश सोमवार को स्कूल नहीं गए।
शिक्षक संघ के मीडिया प्रभारी रणबीर सिंह से राकेश ने पूरी बात बताई। सोमवार को शिक्षक राकेश के साथ रणबीर सिंह ने बीएसए व एसडीएम बल्दीराय सलिल पटेल से मिलकर जानकारी दी। एसडीएम ने तत्काल थानाध्यक्ष बल्दीराय कमल सिंह को केस दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस ने शिक्षक की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज की। पुलिस के मुताबिक आरोपी की तलाश की जा रही है।