फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संशोधित-1 दोहरा हत्याकांड

विज्ञापन
विज्ञापन
पिता-पुत्र की हत्या में तीन गिरफ्तार, कोतवाल समेत तीन पुलिस कर्मी निलंबित
विज्ञापन

गौरीगंज। पीपरपुर क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम पिता-पुत्र की धारदार हथियार से काटकर हत्या करने के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही लापरवाही बरतने के मामले में पीपरपुर के थाना प्रभारी, दरोगा व एक सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया। यह कार्रवाई देर रात डीआईजी फैजाबाद ओंकार सिंह के मौके पर पहुंचने के बाद की गई। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी तैनात की गई है।

पीपरपुर क्षेत्र के पूरे तेजई पांडेय मजरा रतापुर निवासी ज्ञानप्रकाश पांडेय व उनके पुत्र रोहित की बृहस्पतिवार की शाम गांव के ही रवि पांडेय, राहुल पांडेय, विजयशंकर पांडेय उर्फ बच्चा (सगे भाई) व धम्मौर क्षेत्र के हीरापुर गांव निवासी रवि के बहनोई शिवकुमार ने धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी थी। हमलावरों ने ज्ञानप्रकाश के भाई श्याम प्रकाश, भतीजा मोहित व सूरज तथा 10 वर्षीय भतीजी गायत्री को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
विज्ञापन


दोहरे हत्याकांड की सूचना पर देर रात डीआईजी फैजाबाद ओंकार सिंह गांव पहुंचे और जांच की थी। ग्रामीणों ने पीपरपुर थानाध्यक्ष डीके सिंह समेत अन्य पुलिस कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया था। डीआईजी ने ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिया था। डीआईजी के निर्देश पर रात में ही थाना प्रभारी डीके सिंह, दरोगा व बीट सिपाही को एसपी ने सस्पेंड कर दिया। एसपी कुंतल किशोर ने बताया कि दोहरे हत्याकांड से एक दिन पूर्व हुई घटना की तहरीर पर कार्रवाई नहीं करने के मामले में पीपरपुर के कोतवाल डीके सिंह, उपनिरीक्षक नंदराम और क्षेत्रीय सिपाही शिवमूर्ति पांडेय को निलंबित कर दिया गया है। रात में ही सर्विलांस सेल प्रभारी रहे दीपेंद्र सिंह को पीपरपुर थाने का नया प्रभारी बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

ज्ञानप्रकाश की पत्नी मंजू पांडेय की तहरीर पर पूरे तेजई पांडेय निवासी बालमुकुंद के पुत्र रवि, राहुल, विजयशंकर पांडेय उर्फ बच्चा व दामाद शिवकुमार निवासी हीरापुर थाना धम्मौर के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास समेत कई अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। पीपरपुर थानाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह ने बताया कि हत्या में शामिल राहुल, विजयशंकर पांडेय व शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी रवि पांडेय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। घटना के बाद तनाव को देखते हुए गांव में कई थानों की पुलिस व पीएसी लगा दी गई है।

शुक्रवार तड़के वीडियो कैमरे की निगरानी में पिता-पुत्र के शवों का पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस के मुताबिक दोनों के शरीर पर धारदार हथियार के छह से सात घाव पाए गए हैं। बृहस्पतिवार रात पहुंचे भाजपा नेता आशीष शुक्ल ने एसपी से एसएचओ के खिलाफ साजिश का केस दर्ज कराने को कहा। आशीष का कहना था कि एक दिन पूर्व दी गई तहरीर पर हत्या के बाद बैक डेट में केस दर्ज किया गया।
विज्ञापन


पिता-पुत्र की अर्थी उठी तो सिसक पड़ा पूरा गांव
गौरीगंज। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह पिता-पुत्र के शव गांव ले जाए गए। कुछ देर बाद दोनों की अर्थी एक साथ उठी तो पूरा गांव रो पड़ा। सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में शवों को नदी किनारे स्थित अंत्येष्टि स्थल पर ले जाया गया, जहां भतीजे ने चाचा और चचेरे भाई को मुखाग्नि दी। ज्ञानप्रकाश की पत्नी मंजू, रोहित की पत्नी ममता व बहन पूजा की चीत्कार सुन मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भीग गईं। इस दौरान खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष आशीष शुक्ल, भाजपा नेता प्रवीण सिंह, काशी तिवारी व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र तिवारी समेत तमाम ग्रामीण जमा थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें