महिला रोड लिफ्टर ने युवक को लूटा
एएसपी की फटकार के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
जयसिंहपुर/ सेमरी बाजार (सुल्तानपुर)। महिलाओं के झांसे में आकर लिफ्ट देने रुके एक युवक को बेहोश कर दो महिलाओं ने बाइक और 28 सौ रुपये लूट लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जब कोई कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित ने एएसपी को प्रार्थना पत्र दिया। एएसपी की फटकार के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के सुमेरपुर निवासी विकास मौर्य पिछले मंगलवार की सुबह बाइक से अपनी ससुराल बरौसा गया था। मंगलवार दोपहर ससुराल से वापस लौटते समय रास्ते में मुइली गांव के पास पहले से रोड पर खड़ी दो महिलाओं ने उसे हाथ देकर लिफ्ट मांगी। महिलाओं को देखकर विकास ने बाइक रोक दी। इस बीच एक महिला ने रुमाल उसकी नाक पर रख दिया जिससे वह अचेत होने लगा। बगल खड़े एक युवक ने मौर्य को अपनी बाइक पर बैठाया। पीछे एक महिला उसको पकड़ कर बैठी। उसे बेहोशी की हालत में आरोपी सुल्तानपुर के केएनआई बंधे के पीछे गड्ढे में फेंक कर चले गए जबकि विकास की बाइक दूसरी महिला लेकर फरार हो गई। देर शाम जब उसे होश आया तो खुद को झाड़ियों के बीच पाया। किसी तरह निकल कर विकास जयसिंहपुर कोतवाली पहुंचा तो पुलिस ने उसे सेमरी चौकी भेज दिया। पुलिस की परिक्रमा के बाद भी जब उसे पुलिस से मदद नहीं मिली तो वह एएसपी के पास पहुंचा। एएसपी की फटकार के बाद नींद से जागी जयसिंहपुर पुलिस ने विकास मौर्य की तहरीर पर बाइक व 28 सौ रुपये लूट का मुकदमा दर्ज किया है।