दो उपनिरीक्षकों समेत तीन लाइन हाजिर
सुल्तानपुर। सिसौड़ा गांव में चचेरे भाइयों की ओर से गई युवक की हत्या के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में दो उपनिरीक्षकों समेत तीन पुलिस कर्मियों को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के सिसौड़ा गांव निवासी दीपेंद्र पुत्र शिव शंकर की रविवार की सुबह चचेरे भाइयों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने शिवशंकर की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर एक आरोपी साधू शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया था।
परिवारीजनों ने पूछताछ में एसपी को बताया था कि कई बार उन्होंने घटना की तहरीर सेमरी पुलिस चौकी पर दी थी, लेकिन चौकी इंचार्ज रामराज, उपनिरीक्षक सर्वेंद्र सचान और हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश शुक्ला ने उनकी एक नहीं सुनी।
उल्टा उन्हें ही तीनों पुलिस कर्मी प्रताड़ित करते थे। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रविवार की रात तीनों पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।
सिसौड़ा गांव में दीपेंद्र की हत्या के बाद से ही आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए हैं। आरोपियों में शामिल मात्र अजय शुक्ला उर्फ साझू शुक्ला को ही पुलिस गिरफ्तार कर सकी है।
सोमवार की दोपहर जयसिंहपुर कोतवाल बेनी माधव त्रिपाठी गांव पहुंचे और मृतक दीपेंद्र के पिता शिवशंकर को हर संभव मदद का भरोसा दिया।