सैनिक के घर से 12 लाख के जेवरात चोरी
सुल्तानपुर। कठौतिया गांव में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने एक सैनिक के मकान पर धावा बोलकर 12 लाख रुपये कीमत के जेवरात और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के कठौतिया गांव निवासी उदय प्रताप सिंह सेना से रिटायर्ड हुए हैं। उदय प्रताप का एक बेटा विवेक कुमार सिंह सीआरपीएफ में है, जबकि दूसरा बेटा अभिषेक सिंह सेना में है।
पिछली 11 जून को उदय प्रताप सिंह अपने भाई राजेंद्र सिंह के लखनऊ में स्थित मकान के गृह प्रवेश में गए थे। मकान की रखवाली के लिए उनके घर काम करने वाला रघुवीर ही था।
रघुवीर बृहस्पतिवार की रात घर के बाहर सो रहा था। देर रात चोरों ने घर का दरवाजा तोड़ कर उसमें रखी अलमारी व डबल बेड में लगे बॉक्स को तोड़कर करीब 12 लाख रुपये के सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
शुक्रवार की सुबह उदय प्रताप के घर की नौ अटैचियां सौ मीटर दूर मिलीं। शुक्रवार को सेमरी चौकी इंचार्ज रामराज ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।