भूमि विवाद में चाचा की गला घोंटकर हत्या
अमेठी। मुसाफिरखाना के चकबहेर गांव में नलकूप पर सो रहे चाचा की बृहस्पतिवार की देर रात भतीजे ने अपने साथी के साथ मिलकर गला घोंटकर हत्या कर दी। शुक्रवार की सुबह हत्या की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर भतीजे समेत दो के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। घटना के पीछे भूमि विवाद बताया जा रहा है।
मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के चकबहेर गांव निवासी जगलाल (55) का गांव के बाहर नलकूप है। कई वर्षों से जगलाल नलकूप पर ही सोते थे। जगलाल के पत्नी व बच्चे नहीं हैं।
ये अपने भाई राम अभिलाख के साथ रहते थे। रोज की तरह बृहस्पतिवार की शाम को खाना खाने के बाद जगलाल नलकूप पर सोने चले गए। शुक्रवार की सुबह जब जगलाल घर नहीं पहुंचे तो परिवारीजन उन्हें देखने के लिए नलकूप पर गए, जहां वह चारपाई पर मृत पड़े थे।
गले पर निशान पड़ा था। परिवारीजनों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
मृतक जगलाल के भाई राम अभिलाख ने अपने भतीजे संजय यादव पुत्र स्व. राम मिलन यादव समेत दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाल देवेश कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के पीछे भूमि विवाद का मामला प्रकाश में आया है।
मुसाफिरखाना। चकबहेर गांव निवासी जगलाल तीन भाई थे। इनमें राम मिलन की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। जगलाल अपने भाई राम अभिलाख के साथ रहते थे।
जगलाल की शादी नहीं हुई थी। जगलाल अपनी पूरी संपत्ति छोटे भाई राम अभिलाख को देना चाहते थे। इसे लेकर संजय उनसे रंजिश रखता था।