गोमती में डूबने से तीन बच्चों की मौत
सुल्तानपुर। शहर से सटे इमिलियाकलां माल्हा गांव में बृहस्पतिवार दोपहर गोमती नदी में नहाते वक्त दो बच्चे डूब गए। इन बच्चों को बचाने पहुंचा एक किशोर भी डूब गया।
ग्रामीणों की सूचना पर भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस पर ग्रामीणों ने मछुआरों की मदद से डेढ़ घंटे की मशक्कत से तीनों शवों को नदी से निकाला। एकसाथ तीन मौतों से गांव में कोहराम मचा है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के इमिलियाकलां माल्हा गांव निवासी दिलशाद का बेटा मनसद उर्फ मंसूर (10), उसका ममेरा भाई मोहम्मद मुस्लिम (11) पुत्र अमीन और अब्दुल्ला उर्फ दुल्ला (13) पुत्र जहीन बृहस्पतिवार को कुछ बच्चों के साथ गांव के बगल से गुजरी गोमती नदी में नहाने गए थे।
सभी बच्चे गोमती में नहा रहे थे। तभी मंसूर और मोहम्मद मुस्लिम पानी में डूबने लगे। दोनों बच्चों की चीखपुकार सुनकर गोमती में ही नहा रहा अब्दुल्ला उन्हें बचाने पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंसूर और मोहम्मद मुस्लिम ने खुद को बचाने के चक्कर में अब्दुल्ला को जोर से पकड़ लिया। इससे अब्दुल्ला भी उन दोनों बच्चों के साथ पानी में डूब गया।
इस पर अन्य बच्चे शोर मचाते हुए गांव की ओर भागे और लोगों को घटना की जानकारी दी। इस पर गांव के तमाम लोग नदी की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने इसकी सूचना नगर कोतवाल को देते हुए मदद मांगी।
इसी दौरान भोएं गांव के मछुआरे बुद्धिराम, पन्नेलाल, भोले व नुर्शीद वहां पहुंच गए। कुछ ग्रामीण भी बच्चों की तलाश में पानी में उतरे। देखते ही देखते करीब एक घंटा बीत गया, मगर पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद मछुआरों ने तीनों बच्चों के शव नदी से निकाले। हालांकि दो घंटे बाद तहसीलदार पीयूष श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार की हर संभव मदद का भरोसा दिया।
इस दौरान तहसीलदार के साथ एक एसआई और दो अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंचे थे। परिवारीजनों के आग्रह पर शवों को पंचनामा कर परिवारीजनों को सौंप दिया गया। एकसाथ हुई तीन मौतों से परिवारीजनों के साथ ही गांव के लोग भी गमगीन हैं।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के अंगनाकोल निवासी अमीन उर्फ गुड्डू का बेटा मोहम्मद मुस्लिम (11) गर्मी की छुट्टी मनाने के लिए अपने मामा दिलशाद के यहां इमिलियाकलां माल्हा गांव पहुंचा था।
किसी को मालूम नहीं था कि मोहम्मद मुस्लिम की इस तरह से मौत हो जाएगी। हालांकि मोहम्मद मुस्लिम के साथ ही उसके ममेरे भाई मंसूर अली की भी पानी में डूबने से मौत हो गई।