बाजार से घर जा रहे युवक को मारी गोली
सुल्तानपुर। कादीपुर बाजार से घर जा रहे बाइक सवार एक युवक को रास्ते में कुछ लोगों ने गोली मार दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में युवक की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। दूसरी तरफ पुलिस की जांच में पता चला कि युवक एक बारात में तमंचे से फायर कर रहा था। फायरिंग के दौरान ही उसे गोली लगी है।
करौंदीकलां थाना क्षेत्र के ताहिरपुर गांव निवासी निशांत यादव (28) पुत्र धर्मराज यादव रविवार की देर शाम कादीपुर बाजार से घर जा रहा था। वह ताहिरपुर गांव के समीप पहुंचा था कि कुछ लोगों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी।
एक गोली निशांत के पेट में लगी और वह बाइक लेकर जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों को देखकर हमलावर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पहुंची एंबुलेंस से निशांत को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में उसकी हालत नाजुक होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
इस बाबत पूछे जाने पर एसओ करौंदीकलां मधुकांत मिश्र ने बताया कि ताहिरपुर गांव में एक बारात विदा हो रही थी। बारात में निशांत तमंचे से फायर कर रहा था।
तमंचे से फायर करने के दौरान ही उसे गोली लगी है। परिवारीजन बिना पुलिस को सूचित किए ही उसे लेकर अस्पताल गए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है।