दो बच्चों पर गिरी जर्जर बाउंड्रीवाल, एक की मौत
अमेठी। जामों के मूंघी गांव में सोमवार दोपहर घर के पास खेल रहे दो बच्चों पर पड़ोसी की जर्जर बाउंड्रीवाल ढह गई। चीख-पुकार के बाद पहुंचे लोगों ने दीवार के मलबे को हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। ग्रामीणों की सूचना के बाद भी जब 108 एंबुलेंस नहीं पहुंची तो ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने अपने निजी वाहन से दोनों बच्चों को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
मूंघी गांव निवासी बाबादीन का आठ वर्षीय बेटा आकाश और उदल का 10 वर्षीय बेटा गोविंद सोमवार दोपहर घर के पास खेल रहा था। पड़ोस मे स्थित चंद्रकला के मकान की जर्जर बाउंड्रीवाल अचानक ढह गई। उसके मलबे में दोनों बच्चे दब गए। पास में ही मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाया। गांव के लोग मौके पर पहुंचे और ईंट के मलबे को हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला।
इस हादसे में घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने सूचना 108 एंबुलेंस को दी। इसके बावजूद एंबुलेंस नहीं पहुंची। ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि शेर सिंह अपने वाहन से दोनों बच्चों को सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी पर चिकित्सकों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि गोविंद का उपचार चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक बाबादीन का परिवार बेहद गरीब है। परिवार में पत्नी गीता देवी के साथ बेटा विकास (13), बेटी किरन (11), सुमन (6), कोमल (4), कुसुम (1) है। छोटे बेटे आकाश की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। बाबादीन के पास जमीन भी नहीं है। एसडीएम अमित कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मौके पर लेखपाल राधिका प्रसाद को भेजा गया है। पीड़ित परिवार किसी योजना में शामिल होगा तो उसे मदद दी जाएगी।