चीनी से लदा ट्रक चोरी
मुजफ्फरनगर। खतौली की त्रिवेणी शुगर मिल से करीब दस लाख रुपये कीमत की चीनी के पांच सौ कट्टे लेकर पंजाब जा रहा ट्रक बघरा से चोरी कर लिया गया। करीब एक सप्ताह तक तितावी थाना पुलिस घटना को दबाते हुए गुपचुप तरीके से खुलासे में लगी रही। आखिरकार पुलिस ने शाहपुर क्षेत्र के गांव निवासी ट्रक के हेल्पर को हिरासत में लेते हुए उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए ट्रक के साथ ही चीनी के चार सौ से अधिक कट्टे भी बरामद कर लिए हैं।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव बघरा निवासी फैजान अपना ही ट्रक चलाता है। उसके ट्रक पर शाहपुर क्षेत्र के गांव निवासी युवक हेल्पर के रूप में काम करता है। करीब एक सप्ताह पूर्व फैजान ट्रक में खतौली की त्रिवेणी शुगर मिल से करीब दस लाख रुपये कीमत की पांच सौ कट्टे चीनी लादकर पंजाब के लिए रवाना हुआ था। उसी रात वह चीनी लदा ट्रक लेकर बघरा पहुंचा और अपने घर के पास लोडेड ट्रक खड़ा कर घर सोने चला गया। अगले दिन फैजान पंजाब जाने के लिए घर से निकला तो चीनी लदा ट्रक गायब देख उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने तत्काल तितावी थाना पुलिस को चीनी लदे ट्रक की चोरी की सूचना दी, लेकिन पुलिस ने घटना को फर्जी करार देते हुए उसे हड़काते हुए भगा दिया। हालांकि तीन दिन बाद पुलिस ने ट्रक चोरी की रिपोर्ट मामूली धाराओं में दर्ज कर ली। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रक क्लीनर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पूरी घटना से पर्दा उठा दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी क्लीनर की निशानदेही पर न केवल चोरी हुआ ट्रक बरामद कर लिया, बल्कि चोरी हुई चीनी के चार सौ से अधिक कट्टे भी बरामद कर लिए। वारदात को अंजाम देने वाले कुछ अन्य बदमाश अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के बाद जल्द ही घटना का खुलासा किया जा सकता है।