कर्ज से परेशान युवक ने जान दी
सुल्तानपुर। ऋण न चुका पाने से परेशान एक युवक ने शुक्रवार की सुबह फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। युवक ने एक निजी इंवेस्टमेंट कंपनी से 25 हजार रुपये ऋण लिया था। शुक्रवार को ही लोन की किस्त के रूप में 610 रुपये उसे जमा करने थे। घटना की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
क्षेत्र के रामनगर पूरे हरिदास निवासी मनोज (27) मजदूरी करता था। उसकी पत्नी नीलम ने बताया कि मनोज ने कादीपुर स्थित एक निजी इंवेस्टमेंट कंपनी से 10 मार्च 2017 को 25 हजार रुपये ऋण लिया था। ऋण चुकाने के लिए 52 किस्त निर्धारित की गई थी। प्रत्येक 15 दिन पर मनोज को 610 रुपये कंपनी में जमा करना पड़ता था। 52 किस्तों में मनोज ने 22 किस्त जमा भी कर दी थी।
शुक्रवार को कंपनी के लोग वसूली के लिए पहुंचने वाले थे। मनोज अपनी पत्नी नीलम से रुपये की व्यवस्था करने की बात कहकर सुबह छह बजे निकला था। काफी देर तक घर नहीं आने पर परिवारीजन परेशान थे। सुबह करीब नौ बजे मनोज का शव देवराजपुर गांव के आम की बाग में रस्सी के सहारे फंदे से लटकता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर मनोज के घर वाले वहां पहुंच गए।
एसओ करौंदीकलां अमित कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। यदि ऋण लेने के बाद मनोज पर रुपये चुकाने के लिए कोई जोर-जबरदस्ती की गई होगी तो कार्रवाई की जाएगी। मनोज के परिवार में पत्नी नीलम के साथ ही दो बच्चे हैं। तीन वर्ष की बेटी गौरी के साथ ही तीन माह का बेटा है। मनोज की पत्नी नीलम ने रोते हुए बताया कि बृहस्पतिवार को ही मनोज उसे ससुराल से लेकर घर पहुंचा था।