सुल्तानपुर। एसओ चांदा को प्रभारी एसपी ने रविवार को लाइन हाजिर कर दिया। चांदा थानाध्यक्ष पर ये कार्रवाई जनहित को देखते हुए की गई है।
प्रभारी एसपी/एएसपी सूर्यकांत त्रिपाठी ने रविवार को चांदा थानाध्यक्ष अनिल कुमार सोनकर को लाइन हाजिर कर दिया। चांदा एसओ अनिल सोनकर इससे पूर्व कुड़वार थानाध्यक्ष रहे।
उस समय जून में सोहगौली गांव निवासी संदीप पाठक की हत्या कर ईंट भट्ठे में फेंक दिया गया था। अनिल सोनकर पर पीड़ित परिवारीजनों ने आरोपियों से रुपये वसूलने का आरोप भी लगाया था।
कुड़वार से पूर्व अनिल सोनकर कादीपुर कोतवाली के निरीक्षक रहे। तब सरकारी खजाने से एक करोड़ 17 लाख रुपये की चोरी हुई थी।
तत्कालीन डीएम व एसपी ने 48 घंटे बाद अनिल सोनकर को लाइन हाजिर किया था। इतनी बड़ी घटना का खुलासा हुए बिना ही अनिल सोनकर को कुड़वार थाने की जिम्मेदारी सौंप दी गई थी।