सुल्तानपुर। गोसाईगंज क्षेत्र के रामदासपुर गांव निवासी मनीराम (55) और उनकी पत्नी शिवपता देवी (50) बृहस्पतिवार रात घर के बाहर बने छप्पर में चारपाई पर सो रहे थे। देर रात करीब एक बजे अचानक छप्पर में आग लग गई। आग से जल रहा छप्पर टूटकर चारपाई पर गिर पड़ा। घर में मौजूद मनीराम के बच्चों ने शोर मचाया तो गांव वाले पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने जब आग पर काबू पाया मनीराम की मौत हो चुकी थी, जबकि शिवपता गंभीर रूप से झुलसी थी।
आनन-फानन में शिवपता को लेकर परिवारीजन और ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी होते ही एसपी अनुराग वत्स, एएसपी ग्रामीण शिवराज गांव पहुंचे और घटना के बारे में लोगों से जानकारी ली। एएसपी ने बताया कि आग छप्पर में कैसे लगी इसकी जांच की जा रही है। मनीराम के परिवार में पत्नी शिवपता के साथ बेटा इंद्रदेव, इंद्रपाल, दुर्गेश और बेटी राजकली, गुड्डा और सुनीता हैं। मनीराम ने बेटे इंद्रदेव के साथ ही बेटी गुड्डा और सुनीता की शादी कर दी है। मनीराम की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।