क्राइम ब्रांच टीम और कार सवार युवकों में बवाल
अमेठी। शहर के अंबेडकर तिराहे पर मंगलवार देर रात जिले की क्राइम ब्रांच टीम और कार सवार युवकों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर क्राइमब्रांच टीम ने लाठियां भांजनी शुरू कर दी।
इस बीच तिराहे पर भगदड़ मच गई। दुकानदार व राहगीर बवाल बढ़ता देख भाग खड़े हुए। टीम युवकों को लेकर थाने गई तो लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। घंटों लोगों की भीड़ थाने में जमा रही। पुलिस ने देर रात मामले को रफा-दफा कर युवकों को छोड़ा।
जिले की क्राइम ब्रांच टीम मंगलवार देर रात शहर के अंबेडकर तिराहे पर थी। इसी दौरान रात करीब दस बजे धम्मौर रोड से आ रहे कार सवार युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया।
बवाल बढ़ने पर टीम ने लाठियां भांजनी शुरू कर दी। बवाल बढ़ता देख तिराहे पर भगदड़ मच गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को थाने लाई। वहीं, घायल तीन युवकों को सीएचसी ले गई।
इस दौरान बवाल की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंच गए। करीब दस बजे से लेकर रात 12 बजे तक लोग कोतवाली में जमे रहे। इस दौरान लोगों ने पुलिस पर ज्यादती का आरोप लगाया।
देर रात कोतवाली पुलिस ने मामले को रफा-दफा कराया। पुलिस अधिकारी इस मामले में जवाब देने से बचते नजर आए। कोतवाली प्रभारी डीके सिंह ने बताया कि गलतफहमी में विवाद हो गया था। किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। दोनों पक्षों ने सुलह कर ली है।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अधीक्षक ने बताया कि मामले की सूचना मिली थी। गलतफहमी में युवकों के बीच विवाद हुआ था। किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।