चेकिंग के दौरान बृहस्पतिवार रात नेशनल हाईवे पर उड़नदस्ता टीम ने एक पिकअप पर लादकर ले जाई जा रहीं 1135 साड़ियां व 208 लेडीज सूट इसौली विधानसभा क्षेत्र से पकड़ा है। साड़ियों व सूट की बिल्टी व रसीद नहीं मिलने पर पुलिस ने उसे सीज कर दिया है। उड़ानदस्ता मजिस्ट्रेट की तहरीर पर पुलिस ने पिकअप चालक व उसपर सवार एक अन्य के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कर लिया है। साड़ियां व सूट व्यापारी की बताई जा रही हैं। फिलहाल उसके वैध कागजात नहीं मिल सके हैं।
लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार को चेकिंग के दौरान उड़नदस्ता टीम ने चुनाव में दुरुपयोग की आशंका से बड़ी बरामदगी की है। इसौली विधानसभा क्षेत्र के खोखीपुर के पास उड़नदस्ता टीम ने सुल्तानपुर की तरफ से लखनऊ की ओर जा रही एक पिकअप को रोककर चेकिंग की तो उस पर साड़ियां व लेडीज सूट पाया गया। पिकअप चालक व उस पर सवार पर अन्य पकड़ी गई़ साड़ियों एवं लेडीज सूट की बिल्टी व रसीद उड़नदस्ता टीम को नहीं दिखा सके।
वैध कागजात नहीं मिलने पर टीम पिकअप को धम्मौर थाने ले आई। थाने पर गिनती के दौरान 1135 साड़ियां व 208 लेडीज सूट पाए गए। वैध कागजात नहीं मिलने पर उड़नदस्ता प्रभारी सुरेंद्र बहादुर की तहरीर पर पुलिस ने उसे सीज कर दिया। पूछताछ में पिकअप चालक ने अपना नाम अजमत निवासी अहमदपुर थाना जैतपुर जिला बाराबंकी व पिकअप पर सवार एक अन्य ने अपना नाम अनवर अली निवासी अहमदपुर थाना जैतपुर बाराबंकी बताया।
दोनों ने पुलिस को बताया कि साड़ियां सुल्तानपुर चौक घंटाघर स्थित एक साड़ी सेंटर से खरीद कर व्यापार के सिलसिले में उसे बाराबंकी ले जाया जा रहा था। वैध कागजात नहीं मिलने पर पुलिस ने उड़नदस्ता प्रभारी की तहरीर पर पिकअप चालक अजमत व अनवर अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उड़नदस्ता प्रभारी सुरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि वैध कागजात नहीं मिलने से साड़ियों और लेडीज सूट के चुनाव के दौरान दुरुपयोग की आशंका है।