अयोध्या से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
सुल्तानपुर। अयोध्या में आयोजित विहिप की धर्मसभा से लौट रहे दो लोग सड़क हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
कोतवाली देहात क्षेत्र के भपटा गांव निवासी धीरेंद्र प्रताप सिंह (33) गांव के रानू सिंह (32) के साथ रविवार सुबह धर्मसभा में शामिल होने के लिए बाइक से अयोध्या गए थे। अयोध्या से लौटते समय पूराकलंदर क्षेत्र के भरतकुंड के पास तेज रफ्तार जीप ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में धीरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल रानू सिंह को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने अयोध्या जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे की सूचना भपटा गांव पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया।