पेट्रोल पंप मैनेजर को गोली मार 4.29 लाख लूटे
गौरीगंज। जिला मुख्यालय स्थित लोदी नाला के पास सोमवार सुबह बाइक सवार तीन बदमाशों ने पेट्रोल पंप मैनेजर को गोली मारकर चार लाख 29 हजार 600 रुपये लूट लिए।
दिनदहाड़े हुई वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी की लेकिन बदमाश भाग निकले। घटना में घायल मैनेजर व एक अन्य कर्मी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज हुआ।
शहर से सटे बरना टीकर में पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री व भाजपा नेता जंग बहादुर सिंह का पेट्रोल पंप है। सोमवार सुबह करीब 10.15 बजे पंप मैनेजर पारसनाथ कर्मचारी भागवत सिंह के साथ चार लाख 29 हजार 600 रुपये स्टेट बैंक की शहर स्थित शाखा में जमा करने के लिए बाइक से जा रहे थे।
पेट्रोल पंप से मात्र एक किमी दूर लोदी नाला के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने बगल में आकर पारसनाथ पर फायर कर दिया। गोली उनकी कनपटी को छूते हुए निकल गई और वे बाइक लेकर सड़क पर गिर पड़े।
बदमाश दोनों से रुपयों से भरा बैग छीनने लगे। इस पर पारसनाथ व भागवत उनसे भिड़ गए। इसी बीच तीसरे बदमाश ने तमंचे के बल पर उनसे बैग छीन लिया और बरनाटीकर होते हुए तीनों भाग गए।
सूचना मिलते ही कोतवाल जेबी पांडेय मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल भेजने के साथ ही उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
इस पर एसपी अनुराग आर्य, एएसपी बीसी दुबे व सीओ श्रीराम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
डॉक्टरों ने मैनेजर पारसनाथ व कर्मचारी भागवत सिंह का इलाज कर दोपहर में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी। पुलिस लूट का केस दर्ज कर छानबीन कर रही है।
एसपी अनुराग आर्य ने गौरीगंज पुलिस व स्वाट टीम के साथ ही जिले के कुछ तेजतर्रार पुलिसकर्मियों को घटना के खुलासे की जिम्मेदारी सौंपी है। एसपी ने कहा कि, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
वारदात की सूचना मिलते ही गौरीगंज के पेट्रोल पंप संचालकों ने अपने पेट्रोल पंप बंद कर दिए। पेट्रोल पंप संचालकों ने एसपी से मुलाकात कर घटना के खुलासे के लिए पुलिस को 24 घंटे का समय दिया है।
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि, यदि 24 घंटे में घटना का खुलासा नहीं हुआ तो पूरे जिले के पेट्रोल पंप संचालक हड़ताल करने को विवश होंगे।